कोरोना अपडेट: 80 हजार के पार गए डेली नए मामले, डेली जांच 12 लाख के करीब
सुमन कुमार
देश में पहली बार कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा बुधवार को 80 हजार को पार कर गया है। मृतकों की संख्या भी फिर एक हजार से ऊपर आ रही है। पूरे देश में बुधवार को 83883 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। नए मरीजों की संख्या के मामले में महाराष्ट्र में डरावनी तस्वीर बनी हुई है। राज्य में एक दिन में रिकार्ड 17433 नए मरीज सामने आए हैं। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में नए मरीजों की संख्या 2509 रही है। पंजाब में बुधवार को मृतकों की संख्या एक दिन में 100 को पार कर गई। देश में कुल नए मरीज का 95 प्रतिशत से अधिक हिस्सा देश के 19 राज्यों में सिमटा हुआ है। आंध्र प्रदेश में 10392, कर्नाटक में 9860, तमिलनाडु में 5990, यूपी में 5682, असम में 3555, ओडिशा में 3219, बिहार में 3092, बंगाल में 2976, तेलंगाना में 2817, छत्तीसगढ़ में 2296, हरियाणा में 1792, केरल में 1547, राजस्थान में 1511, पंजाब में 1481, मध्य प्रदेश में 1424, गुजरात में 1259 और झारखंड में 1029 नए मरीज सामने आए हैं।
देश में क्या है मरीजों की स्थिति
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार बुधवार की देर रात तक भारत में कोरोना वायरस के कुल एक्टिव पीड़ितों की संख्या 8,15,538 पहुंच गई है। दूसरी ओर ठीक हो चुके मरीजों का आंकड़ा 30 लाख के पास पहुंच गया है। देश में 29,70,492 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं। देश में कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 77 प्रतिशत (77.09) के पार पहुंच गया है जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 21 प्रतिशत के करीब (21.16) है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस संक्रमण से पूरे देश में 67376 लोगों की मौत हो चुकी है यानी कुल मरीजों में 1.75 प्रतिशत को बचाया नहीं जा सका है। इनमें से करीब 70 प्रतिशत ऐसे हैं जिनकी मौत कोरोना के साथ-साथ किसी और बीमारी, जैसे की डायबिटीज, किडनी, लिवर आदि की वजह से हुई है। जहां तक देश में कुल कोरोना संक्रमित हुए लोगों का सवाल है तो देश में 37,74,645 कुल संक्रमित अब तक सामने आए हैं।
आंकड़ों में देखें पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में कोरोना के 83883 नए मामले सामने आए हैं और 1043 लोगों की जान गई है। इसी अवधि में 68584 पुराने मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। देश में मंगलवार की रात तक 78357 नए मरीज आए थे।
देश में कितने टेस्ट
देश में कोरोना के टेस्ट की संख्या बुधवार को रिकार्ड 12 लाख के पास पहुंच गई। गुरुवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार देश में 24 घंटे में 11 लाख 72 हजार 179 टेस्ट हुए हैं जबकि देश में कुल टेस्ट की संख्या चार करोड़ 55 लाख 9 हजार 380 पहुंच गयी है।
दुनिया के मुकाबले क्यों बेहतर स्थिति में है भारत?
गुरुवार की रात तक पूरी दुनिया में कोरोना के दो करोड़ 63 लाख 51 हजार 340 मरीज हो गए हैं। पूरी दुनिया में एक करोड़ 85 लाख 59 हजार 094 मरीज ठीक हो चुके हैं और 8 लाख 70 हजार 209 लोग कोरोना के कारण मौत के आगोश में जा चुके हैं। अगर हम पूरी दुनिया के कुल मरीजों में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या देखें तो ये 70.4 प्रतिशत है। भारत में ये आंकड़ा 77 प्रतिशत है, यानी भारत में ठीक होने वाले मरीजों की दर दुनिया के औसत से करीब 7 प्रतिशत बेहतर है। इसी प्रकार कुल मरीजों में से मृतकों का आंकड़ा 3.30 प्रतिशत है और भारत में ये औसत 1.75 प्रतिशत है। यानी इस मामले में भी भारत की स्थिति पूरी दुनिया से बहुत बेहतर है।
पढ़ें- कोरोना वायरस की हर जानकारी और मदद के लिए यहां देखें राज्यवार हेल्पलाइन नंबर
किस राज्य में कितनी मौतें
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर गुरुवार को अपडेट किए गए डाटा के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 1043 मौतें हुई हैं। कुल मौतों में से करीब 72 प्रतिशत मौतें सिर्फ 6 राज्यों में हुई हैं। कर्नाटक में एक दिन में अब तक की सर्वाधिक मौतें हुई हैं। महाराष्ट्र में 292, कर्नाटक में 113, पंजाब में 106, तमिलनाडु में 98, यूपी में 74 और आंध्र प्रदेश में 72 मौतें हुई हैं। शेष करीब 28 प्रतिशत मौतें देश के 22 राज्यों में हुई हैं। इनमें से बंगाल में 56, मध्य प्रदेश में 27, बिहार में 25, दिल्ली में 19, हरियाणा में 15, जम्मू कश्मीर में 15, पुडुचेरी में 13, राजस्थान में 12, गुजरात में 12, छत्तीसगढ़ में 12, ओडिशा में 11, उत्तराखंड में 11, झारखंड में 10, गोवा में 10, तेलंगाना में 10, असम में 8, त्रिपुरा में 8, केरल में 7, हिमाचल प्रदेश में 3, चंडीगढ़ में 2, मेघालय में 1, अंडमान निकोबार आइलैंड में 1 मौत हुई है।
इसे भी पढ़ें-
Comments (0)
Facebook Comments (0)